रास्ता विवाद में खूनी संघर्ष, 11 लोग घायल, 24 नामजद
सुपौल, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के नरहा बेदर्द पंचायत के वार्ड संख्या-05 में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कुल 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज रेफरल अस्पताल राघोपुर में कराया गया, जहां कुछ घायलों के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घायलों में एक पक्ष के नौ तथा दूसरे पक्ष के दो लोग शामिल हैं। घायल पक्ष के मोहम्मद कुदुश ने राघोपुर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि घर आने-जाने के लिए खरीदी गई जमीन के रास्ते पर कुछ लोगों ने पेड़ रखकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया था। विरोध करने पर आरोपितों ने तलवार, फरसा, ईंट-पत्थर तथा लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
आवेदन के अनुसार, हमले में मोहम्मद कुदुश के सिर पर गंभीर चोट लगी। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, गले से आभूषण छीनने और मोबाइल फोन ले जाने का भी आरोप लगाया है।
इस मामले में कुल 24 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि रास्ता विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है।
घटना में कुल 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक पक्ष के नौ और दूसरे पक्ष के दो लोग शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि एक पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र