गरखा में प्रमंडल स्तरीय बहुउद्देशीय खेल परिसर के लिए भूमि आवंटित
सारण, 01 जुलाई (हि.स.)। खेल विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, खेल अवसंरचना विकास कार्यों और लंबित प्रस्तावों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी लंबित कार्यों में तेजी लाने और उनका समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत प्रखंड स्तरीय आउटडोर स्टेडियमों और मल्टीपर्पस इंडोर हॉल के निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान निर्माण के प्रथम चरण को गति देने तथा द्वितीय चरण के लिए भूमि चिह्नित करने को कहा। इसके साथ ही, गरखा प्रखंड के फुलवरिया मौजा में प्रमंडल स्तरीय बहुउद्देशीय खेल अवसंरचना के लिए खेल विभाग को भूमि उपलब्ध करा दी गई है।
बैठक में जयप्रकाश विश्वविद्यालय परिसर में खेलो इंडिया योजना के तहत निर्मित 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, फुटबॉल व हॉकी मैदान, और राजेंद्र स्टेडियम में बॉक्स क्रिकेट निर्माण की भी समीक्षा हुई। बॉक्स क्रिकेट के मरम्मत का कार्य नगर निगम के माध्यम से कराने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्रों और जिला स्तरीय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस एथलेटिक्स व तीरंदाजी की स्थापना से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि खेल अवसंरचनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रतिभा विकास के लिए उनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना है। बैठक में निदेशक एनईपी, जिला खेल पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार