सीवान दौरे पर कल आएंगे पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद
सीवान, 10 मई (हि.स.)। पूर्व रेल मंत्री एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद 11 मई को सीवान दौरे पर आएंगे।
उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जारी आधिकारिक टूर प्रोग्राम के अनुसार वे सड़क मार्ग से पटना से सीवान पहुंचेंगे और सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार लालू प्रसाद 11 मई को दोपहर 2 बजे पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड आवास से प्रस्थान करेंगे. वे जेपी सेतु, दरियापुर चक्का फैक्ट्री होते हुए शाम 5 बजे सीवान सर्किट हाउस पहुंचेंगे. यहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।
इसके बाद 12 मई की सुबह 7 बजे सीवान सर्किट हाउस से निकलकर 7:20 बजे सीवान सिविल कोर्ट पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कोर्ट में कार्य पूरा करने के बाद वे सुबह 10 बजे पुनः सर्किट हाउस लौटेंगे। इसके बाद 11:30 बजे सड़क मार्ग से पटना के लिए रवाना होंगे और दोपहर 2:30 बजे पटना पहुंचने का कार्यक्रम है।
टूर प्रोग्राम में प्रशासन को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। कार्यक्रम में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री को ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। प्रशासन से फुलप्रूफ सुरक्षा, एस्कॉर्ट तथा आवश्यक वाहनों एवं कमरों की व्यवस्था करने को कहा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma