सारण में बीस वर्षों से फरार लाल वारंटी गिरफ्तार
सारण, 04 मई (हि.स.)। पुलिस के द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक कामयाबी हासिल हुई है। परसा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पिछले दो दशकों से फरार चल रहे एक लाल वारंटी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 3 और 4 मई 2026 की मध्य रात्रि को थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भगवानपुर निवासी प्रदीप कुमार सिंह पिता स्व बनारस सिंह को उसके पैतृक ठिकाने से पकड़ा। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उक्त अभियुक्त कई वर्षों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। सारण पुलिस ने एक बार फिर दोहराया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों की धर-पकड़ हेतु उनकी टीम सदैव तत्पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार