असंगठित श्रमिकों को मिलेगा मुफ्त न्याय का संबल: कटिहार में धूमधाम से मना 'श्रम कल्याण दिवस'

 




कटिहार, 17 सितंबर (हि.स.)। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के सहायक श्रमायुक्त कार्यालय में गुरुवार को ‘श्रम कल्याण दिवस’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन करना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना रहा। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में असंगठित एवं प्रवासी श्रमिक शामिल हुए।

समारोह के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के सचिव कमलेश सिंह देव ने श्रमिकों को 'असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक सेवाएं योजना 2015' की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि डालसा असंगठित क्षेत्र के कामगारों के हितों की रक्षा और उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों ने कामगारों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और श्रमिक हितैषी श्रम अधिनियमों से अवगत कराया।

इस मौके पर मुख्य न्याय संरक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव, कटिहार श्रमिक संघ के विकास सिंह, मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष अर्जुन यादव, सहायक श्रमायुक्त, श्रम अधीक्षक एवं जिले के सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह