पेड़ से लटका मिला मजदूर का शव, जाँच मे जुटी पुलिस
सुपौल, 29 अगस्त (हि.स.)। जदिया थाना क्षेत्र के परसागढ़ी दक्षिण पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित कुपाड़ी मोड़ के समीप शनिवार को एक 33 वर्षीय मजदूर का शव आम के पेड़ से लटका मिला।
मृतक शांतलाल ऋषि है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजन के अनुसार, रक्षाबंधन के अवसर पर शांतलाल की बहन घर आई थी। इसी दौरान बहन को चिकन या मांस खिलाने की बात को लेकर शांतलाल और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद शांतलाल घर से बाहर निकल गया।
बताया जा रहा है कि वह एक दोस्त के साथ बाइक से निकला था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। परिवार और स्थानीय लोगों ने रात में भी उसकी खोजबीन की।
इसी क्रम में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे कुपाड़ी मोड़ के पास आम के पेड़ से शांतलाल का शव लटका हुआ दिखाई दिया।
शव मिलने की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को पेड़ से नीचे उतारा और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
जदिया थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने युवक का शव पेड़ से लटका मिलने की पुष्टि की है। पुलिस टीम को मौके पर भेजकर मामले की जांच शुरू की गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घर से निकलने के बाद शांतलाल किन परिस्थितियों में कुपाड़ी मोड़ तक पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई। प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना के पीछे किसी अन्य कारण की संभावना से भी पुलिस इनकार नहीं कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र