बिजली पैनल गिरने से मजदूर की मौत,परिजन ने लगाया आरोप
अररिया 22 सितम्बर(हि.स.)। अररिया आरएस थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर स्थित कैपकॉन कंपनी में मंगलवार को काम करते समय एक मजदूर की बिजली पैनल गिरने से मौत हो गई।मजदूर आरएस के रहीकपुर वार्ड संख्या एक का रहने वाला 42 वर्षीय जयराम गोस्वामी है। वह कंपनी में मजदूरी का काम करता था। घटना के बाद उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया।
हादसे की खबर मिलते ही सदर अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन जमा हो गए।
जयराम गोस्वामी अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर नाराजगी जताई।
मृतक के भाई संजय गोस्वामी ने आरोप लगाया कि कंपनी के मैनेजर मजदूरों से काम तो कराते थे, लेकिन पैसे देने में टालमटोल करते थे।परिजन ने आशंका जताई है कि पैसों के विवाद के चलते जयराम की हत्या की गई हो। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर यह सिर्फ एक हादसा था, तो काम के दौरान सुरक्षा नियमों का ध्यान क्यों नहीं रखा गया।
कंपनी के प्रबंधक अनिल कुशवाहा ने बताया कि बिजली पैनल उठाते समय वह अचानक टूटकर जय राम के ऊपर गिर गया।इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रबंधक ने कहा कि परिजनों के आरोप बेबुनियाद हैं।
अररिया आरएस थाना अध्यक्ष अंकुर कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मौके पर पुलिस टीम पहुंच कर जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर