गंडक नदी के तेज बहाव में बह गया मजदूर, तलाश जारी

 


सारण, 19 मई (हि.स.)। मकेर थाना क्षेत्र की बाघाकोल पंचायत स्थित हैजलपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ गंडक नदी के कटाव को रोकने के कार्य में जुटा एक मजदूर नदी की तेज धार में बह गया।

लापता मजदूर की पहचान भागलपुर निवासी बहकु मंडल के २१ वर्षीय पुत्र संजय मंडल के रूप में हुई है। सहकर्मी मजदूर रूपेश कुमार ने बताया कि कटाव स्थल पर जियो बैग लगाने के दौरान अचानक संजय का पैर फिसल गया और वह देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया। उसे डूबता देख अन्य मजदूरों ने बचाने के लिए नदी में छलांग भी लगाई, लेकिन तेज बहाव के कारण उसका कुछ पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता, अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष संग्राम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

प्रशासन द्वारा लापता मजदूर की खोजबीन के लिए एसडीआरएफ की टीम को सूचित किया गया है, जिसका समाचार लिखे जाने तक इंतजार किया जा रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार