पौआखाली बाजार में श्रम विभाग की छापेमारी, बाल मजदूर मुक्त
किशनगंज, 24 मई (हि.स.)। जिले के ठाकुरगंज प्रखंड स्थित पौआखाली बाजार में श्रम विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बाल मजदूर को मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई बाल मजदूरी कराए जाने की गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, किशनगंज श्रम विभाग की टीम ने पौआखाली थाना पुलिस के सहयोग से पौआखाली बाजार में अचानक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान बाजार की कई दुकानों की जांच की गई।
जांच के क्रम में पोस्ट ऑफिस के समीप स्थित एक चिकन दुकान में एक नाबालिग बच्चे से मजदूरी कराते हुए पाया गया।
अपर थाना अध्यक्ष अंगत कुमार ने बताया कि मोहम्मद कासिम की दुकान पर बाल मजदूरी कराए जाने की सूचना मिली थी।
सूचना के सत्यापन के बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और बच्चे को तत्काल दुकान से मुक्त कराया। इसके बाद बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस के मुताबिक मामले में पौआखाली थाना में कांड संख्या 70/26 दर्ज किया गया है। श्रम विभाग की ओर से संबंधित दुकानदार के खिलाफ बाल श्रम निषेध कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा आगे भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे। संयुक्त कार्रवाई के बाद पौआखाली बाजार सहित आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
कई दुकानदारों ने अपने यहां काम कर रहे बच्चों को हटाना शुरू कर दिया। कार्रवाई के बाद बाल मजदूरी को लेकर स्थानीय लोगों में भी जागरूकता बढ़ी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र के कई ईंट-भट्ठों में भी चोरी-छिपे बाल मजदूरी कराई जाती है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर भी नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है। वहीं, श्रम विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बाल मजदूरी कराने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह