साहस, बलिदान और देशभक्ति के प्रतीक थे बाबू कुंवर सिंह: संजय सरावगी
पटना, 23 अप्रैल (हि.स.)। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक और बिहार के गौरव, अमर स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह के 'विजयोत्सव' पर आज भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी पटना के वीर कुंवर सिंह आजादी पार्क में आयोजित राजकीय समारोह में शामिल हुए। यहां उन्होंने बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कर उन्हें नमन किया।
इस मौके पर राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी, पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित अन्य सम्मानित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इधर, भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक और बिहार के गौरव बाबू वीर कुंवर सिंह के 'विजयोत्सव' के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित प्रदेश के पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बाबू कुंवर सिंह की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उन्हें नमन किया।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बाबू वीर कुंवर सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके त्याग, तप और बलिदान के रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि बाबू कुंवर सिंह ने 80 वर्ष की उम्र में अप्रतिम साहस और युद्ध कौशल का परिचय दिया था।
उन्होंने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह ने जो साहस दिखाया था, वह नौजवानों के प्रेरणास्त्रोत बन गए। वहीं, से देश को आज़ाद करने की चिंगारी चारों तरफ फैल गई। इस लड़ाई को देश के नौजवानों ने एक मिशन के तहत लड़ा और देश को आज़ाद कराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त