कोसी का जलस्तर बढ़ा, मझहारी-सीकरहट्टा निम्न बांध और पश्चिमी तटबंध का निरीक्षण

 


सुपौल, 25 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के तराई क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर बढ़ गया है।

जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को मझहारी-सीकरहट्टा निम्न बांध और कोसी पश्चिमी तटबंध का औचक निरीक्षण किया।

विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एसी विकास कुमार और सहायक अभियंता अरुण कुमार ने मझहारी चौक से मांगा सिहौल तक बांध के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने बांध की स्थिति, संवेदनशील स्थलों और कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने मौके पर तैनात कर्मियों को बांध की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी तरह की समस्या या क्षति की सूचना तत्काल विभागीय अधिकारियों को देने को कहा।

अधिकारियों ने बताया कि कोसी के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए तटबंध और निम्न बांध की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक तैयारियां पूरी रखने और संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश भी दिया गया। निरीक्षण के दौरान जेई राम विनय चौधरी और ठेकेदार राजीव कुमार अपने कर्मचारियों के साथ मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र