कोसी नदी में स्नान करने गई बच्ची लापता
सुपौल, 30 सितंबर (हि.स.)। निर्मली अंचल के दिव्य पंचायत स्थित दिघिया गांव में बुधवार को कोसी नदी में स्नान करने के दौरान तीन वर्षीय बच्ची डूबने के बाद लापता हो गई। घटना निर्मली थाना क्षेत्र के दिघिया वार्ड संख्या-2 की है। लापता बच्ची गांव निवासी प्रमोद कुमार मुखिया की तीन वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी है।
बताया गया कि शिवानी गांव की अन्य बच्चियों के साथ कोसी नदी में स्नान करने गई थी। इसी दौरान नदी में उतरते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। नदी की तेज धारा में देखते ही देखते वह लापता हो गई। घटना के बाद साथ गई बच्चियों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।
सूचना मिलने पर निर्मली के अंचल अधिकारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद गोताखोरों की मदद से नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू कराया गया। बच्ची की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं, प्रशासन ने एनडीआरएफ को भी सूचना दी है। बच्ची के नदी में लापता होने की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण और परिजन बच्ची के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन की टीम नदी में लगातार खोजबीन कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र