कोसी नदी के बढ़ते कटाव से मरिचा गांव पर खतरा, प्रशासन अलर्ट मोड में
सुपौल, 25 मई (हि.स.)। जिले के गोपालपुर सिरे पंचायत अंतर्गत मरिचा गांव में कोसी नदी के लगातार बढ़ते कटाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कटाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के निर्देश पर जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने जल संसाधन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कटाव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम नदी किनारे पहुंची और कटाव की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनी गईं। ग्रामीणों ने प्रशासन को बताया कि कोसी नदी का कटाव लगातार तेज होता जा रहा है, जिससे गांव के कई घरों और खेतों पर खतरा मंडरा रहा है।जल संसाधन विभाग के इंजीनियरों ने कटाव प्रभावित स्थलों का तकनीकी आकलन करते हुए संभावित सुरक्षा उपायों पर चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि कटाव रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा प्रभावित इलाकों में सुरक्षा कार्य तेज करने की तैयारी चल रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग करते हुए कहा कि हर वर्ष कटाव के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने समय रहते प्रभावी सुरक्षा कार्य कराने की मांग की। जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि सरकार कटाव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जदयू नेताओं सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र