कोसी के कटाव से तेलवा पंचायत में भारी तबाही, एक दर्जन से अधिक घर नदी में समाए
सुपौल, 26 जुलाई (हि.स.)। सुपौल प्रखंड अंतर्गत तेलवा पंचायत के वार्ड संख्या-5 में कोसी नदी का कटाव लगातार तबाही मचा रहा है। नदी की तेज धारा से दर्जनों से घर कटाव की भेंट चढ़ चुके हैं। इससे कई परिवारों के सिर से छत छिन गई है और वे खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को मजबूर हैं।
कटाव प्रभावित परिवारों के सामने भोजन, सुरक्षित आवास और बच्चों की सुरक्षा जैसी मूलभूत समस्याएं खड़ी हो गई हैं। लगातार बढ़ रहे कटाव से पूरे इलाके में भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि संजय यादव, विजय यादव, अमलेश यादव सहित कई परिवारों के घर देखते ही देखते नदी में समा गए। उनका कहना है कि वर्षों की मेहनत और जीवनभर की कमाई से बनाए गए आशियाने कुछ ही घंटों में कोसी की धारा में विलीन हो गए। अब उनके पास न रहने की सुरक्षित जगह बची है और न ही भविष्य को लेकर कोई भरोसा।
ग्रामीणों का आरोप है कि हर वर्ष बाढ़ और कटाव के दौरान सरकार और प्रशासन की ओर से बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन आपदा की घड़ी में प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता नहीं पहुंचती। उनका कहना है कि अब तक न तो कोई जनप्रतिनिधि गांव पहुंचा है और न ही राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिससे लोगों में नाराजगी है।
कटाव प्रभावित परिवारों ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने, सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास कराने तथा कटाव रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में और भी कई घर कोसी नदी में समा सकते हैं।
इस संबंध में अंचल अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच कर नियमानुसार प्रभावित परिवारों को राहत एवं राशन सामग्री उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र