कोसी नदी में नहाने गया 12 वर्षीय किशोर तेज बहाव में लापता, तलाश जारी

 






सुपौल, 01 जून (हि.स.)।

जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलवा पंचायत के वार्ड संख्या-8 में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। कोसी नदी में नहाने गया 12 वर्षीय किशोर अचानक तेज धार की चपेट में आकर लापता हो गया।

घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि ग्रामीणों और प्रशासन की टीम द्वारा लगातार उसकी तलाश की जा रही है।लापता किशोर की पहचान बलवा पंचायत वार्ड संख्या-8 निवासी सचिन यादव के 12 वर्षीय पुत्र अमरदीप कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमरदीप अपने साथियों के साथ कोसी नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह नदी की गहरी और तेज धारा में बह गया। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह आंखों से ओझल हो चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए। स्थानीय ग्रामीणों ने भी अपने स्तर पर नदी और आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू कर दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद किशोर का कोई पता नहीं चल सका।सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम तथा अंचल प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से खोज अभियान चलाया। कई घंटों तक चले प्रयास के बावजूद देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि किशोर की तलाश लगातार जारी है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सघन खोज अभियान चलाया जा रहा है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तुरंत प्रशासन को अवगत कराने की अपील की है।

इधर, घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खोज अभियान में तेजी लाने की मांग की है ताकि लापता किशोर का जल्द पता लगाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र