कोसी महासेतु के पास पानी में दिखा मगरमच्छ, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को दी सूचना
सुपौल, 30 अगस्त (हि.स.)। जिले के सरायगढ़-भपटियाही क्षेत्र में रविवार को कोसी महासेतु के समीप मगरमच्छ दिखाई देने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
पश्चिमी गाइड बांध के किनारे पानी में मगरमच्छ को देखने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे।बताया गया कि पानी में मगरमच्छ नजर आने के बाद स्थानीय लोगों ने सावधानी बरतते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद इसकी सूचना भपटियाही थाना पुलिस को दी गई।
मगरमच्छ को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।सूचना मिलने पर भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने लोगों को मगरमच्छ से दूरी बनाए रखने की सलाह दी, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
थाना पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लेकर उपयुक्त स्थान पर छोड़े जाने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि भविष्य में मगरमच्छ अथवा किसी अन्य जंगली या जलीय जीव के दिखाई देने पर उसे पकड़ने या उसके करीब जाने का प्रयास न करें। तत्काल पुलिस अथवा वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम मौके पर पहुंचकर सुरक्षित तरीके से कार्रवाई कर सके।
भपटियाही थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने रविवार दोपहर बताया कि मगरमच्छ मिलने की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। वन विभाग की टीम के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र