कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव: 29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना, 23 अक्टूबर को मतदान

 

भागलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में भागलपुर जिले के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव और प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

घोषित कार्यक्रम के अनुसार अधिसूचना जारी होने की तिथि: 29 सितंबर, नामांकन की अंतिम तिथि: 06 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा: 07 अक्टूबर, नाम वापसी की अंतिम तिथि: 09 अक्टूबर, मतदान की तिथि 23 अक्टूबर और मतगणना की तिथि 27 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

डीएम ने बैठक में बताया कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तहत भागलपुर जिले में कुल 26 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस क्षेत्र में कुल 24,672 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बैठक के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों से अवगत कराया गया। डीएम अलंकृता पांडेय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।

उन्होंने सभी दलों और भावी अभ्यर्थियों से आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की। समीक्षा और समन्वय के उद्देश्य से बुलाई गई इस बैठक में जिलाधिकारी के अलावा उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष, सचिव और वरिष्ठ पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर