कोशी स्नातक निर्वाचन: कटिहार में 23 अक्टूबर को होगा मतदान, जिले में आचार संहिता व धारा-163 लागू
कटिहार, 24 सितंबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के 06-कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही कटिहार जिले में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार कटिहार जिले के सभी 20 मतदान केंद्रों पर 23 अक्टूबर 2026 को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा, जबकि मतों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। इसकी विधिवत जानकारी सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी कटिहार, आशुतोष द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
डीएम ने बताया कि चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से संपूर्ण जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 (मंगलवार) को जारी होगी। नाम निर्देशन पत्र (नामांकन) दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) 7 अक्टूबर को होगी तथा अभ्यर्थी 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। 23 अक्टूबर को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान होगा। इस निर्वाचन के लिए पूर्णियाँ प्रमंडल के आयुक्त को अधिसूचित निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है।
मतदाता सूची के अनुसार, कटिहार जिले में कुल 10,977 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 8,425 पुरुष और 2,552 महिला मतदाता शामिल हैं। पूर्व में 30 दिसंबर 2025 को प्रकाशित सूची में कुल 11,034 मतदाता दर्ज थे, जिनमें जांचोपरांत 57 दोहरी प्रविष्टियों (40 पुरुष, 17 महिला) को विलोपित किया गया है।
निर्वाचन आयोग के 1400 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों पर सहायक मतदान केंद्र बनाने के मानक के तहत जिले में दो सहायक केंद्र बनाए गए हैं। मतदान केंद्र संख्या 83 (बरारी प्रखंड परिसर) के लिए अंचल परिसर बरारी में सहायक केंद्र 83(क) और केंद्र संख्या 85 (नगर निगम कार्यालय, कटिहार) के लिए उसी परिसर में सहायक केंद्र 85(क) स्थापित किया गया है। वहीं, कटिहार प्रखंड परिसर स्थित केंद्र संख्या 87 का भवन ध्वस्त होने के कारण उसका संशोधित प्रस्ताव आयोग को भेजा गया है।
आचार संहिता के सख्त अनुपालन के लिए जिला स्तर पर आचार संहिता कोषांग और प्रत्येक मतदान केंद्र क्षेत्र के लिए उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है, जो राजनीतिक प्रचार और सभाओं पर नजर रखेंगे। डीएम ने सभी राजनीतिक दलों व प्रत्याशियों से आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने तथा मीडिया से निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह