कोशी स्नातक चुनाव: निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन ने संभाला मोर्चा

 


कटिहार, 22 अक्टूबर (हि.स.)। कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव 2026 को भयमुक्त, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को प्रशासनिक व पुलिस तंत्र ने सुरक्षा और व्यवस्था की रूपरेखा तय कर ली।

डीआरसीसी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित ब्रीफिंग में प्रतिनियुक्त सुपर जोनल, जोनल, सेक्टर दंडाधिकारियों, पीठासीन पदाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया।

डीएम आशुतोष द्विवेदी ने दो टूक कहा कि मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान केंद्र के भीतर किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी तथा निर्धारित सुरक्षा परिधि में अनाधिकृत प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।

डीएम ने मतदान को स-समय प्रारंभ कराने, मतपत्रों व मतपेटिकाओं की चाक-चौबंद सुरक्षा, मतदाताओं के पहचान पत्रों के सटीक सत्यापन और केवल वायलेट (बैंगनी) रंग के पेन के उपयोग पर विशेष बल दिया।

इसके साथ ही उन्होंने डिस्पैच सेंटर से निकलने से पूर्व सभी कर्मियों को चेकलिस्ट से चुनावी सामग्री का अनिवार्य मिलान करने और पी-1, पी-2 व पी-3 कर्मियों को अपनी तय जिम्मेदारियों को पूरी सजगता से निभाने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने कहा कि चुनाव ड्यूटी के दौरान सुरक्षा में किसी भी स्तर पर चूक या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने, निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि मतदाता बिना किसी दबाव या भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

इस उच्चस्तरीय बैठक में अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सहित जिले के तमाम प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह