किशनगंज के दोनों ग्रामीण कार्य प्रमंडलों को मिले नए कार्यपालक अभियंता
किशनगंज, 01 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार ने ग्रामीण कार्य विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य के कई कार्यपालक अभियंताओं का तबादला किया है।
विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार किशनगंज जिले के दोनों ग्रामीण कार्य प्रमंडलों में नए कार्यपालक अभियंताओं की नियुक्ति की गई है। जारी आदेश के मुताबिक, पंकज कुमार को ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल किशनगंज-1 का नया कार्यपालक अभियंता बनाया गया है। वहीं, मिथलेश कुमार को ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल किशनगंज-2 का कार्यपालक अभियंता नियुक्त किया गया है।
विभागीय आदेश के तहत किशनगंज-1 के पूर्व कार्यपालक अभियंता विद्यानंद का तबादला सीवान कर दिया गया है। उनके कार्यकाल में जिले में कई महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़क परियोजनाओं पर कार्य हुआ था। अब उनके स्थान पर पंकज कुमार ने जिम्मेदारी संभाली है। ग्रामीण कार्य विभाग का यह तबादला प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के उद्देश्य से किया गया है।
कार्यपालक अभियंता ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया तथा अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित परियोजनाओं की निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्ध निष्पादन में अहम भूमिका निभाते हैं। विभाग को उम्मीद है कि नए अधिकारियों की तैनाती से किशनगंज में लंबित विकास योजनाओं के निष्पादन में तेजी आएगी तथा नई परियोजनाओं के क्रियान्वयन को भी गति मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह