अमृत 2.0 के तहत किशनगंज जलापूर्ति परियोजना को 53.71 करोड़ की मंजूरी

 


किशनगंज, 29 जुलाई (हि.स.)। केंद्र प्रायोजित अटल नवीकरण एवं शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) 2.0 के तहत किशनगंज नगर परिषद की जलापूर्ति परियोजना को 53 करोड़ 71 लाख 47 हजार 500 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इसकी जानकारी बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए दी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के क्रियान्वयन से शहरवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी तथा सीमांचल क्षेत्र के शहरी विकास को नई गति मिलेगी।

मंत्री ने बताया कि अमृत 2.0 योजना राज्य के सभी नगर निकायों में लागू की जाएगी। इसके तहत पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ जल संरक्षण, जल स्रोतों का पुनरुद्धार, उपचारित जल का पुन: उपयोग, वर्षा जल संचयन तथा हरित क्षेत्रों और पार्कों के विकास पर विशेष बल दिया जाएगा। वहीं, सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबंधन से जुड़े कार्य राज्य के 27 पुराने अमृत शहरों में कराए जाएंगे।

किशनगंज जलापूर्ति परियोजना के अंतर्गत 3,892 नए घरेलू जल कनेक्शन दिए जाएंगे। साथ ही 14 नए बोरवेल का निर्माण, 10 पुराने बोरवेलों का उन्नयन, 14 आयरन रिमूवल प्लांट की स्थापना तथा सात नए पंप हाउस बनाए जाएंगे। इसके अलावा 110 से 1,958 किलोलीटर क्षमता के पांच नए जलमीनार का निर्माण, 720 मीटर क्लियर वाटर राइजिंग मेन पाइपलाइन तथा 178.21 किलोमीटर लंबा जल वितरण नेटवर्क भी विकसित किया जाएगा। परियोजना की कुल लागत 53.71 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसमें 15.70 करोड़ रुपये केंद्र सरकार तथा 38.01 करोड़ रुपये राज्य सरकार की ओर से खर्च किए जाएंगे।

परियोजना का क्रियान्वयन बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बुडको) द्वारा किया जाएगा और इसे वित्तीय वर्ष 2026-27 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। डॉ. जायसवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने अमृत 2.0 के तहत बिहार के लिए 2,620 करोड़ रुपये की परियोजना निधि का प्रावधान किया है। इस राशि से विभिन्न नगर निकायों में जलापूर्ति और शहरी आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं का वित्तपोषण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमृत 2.0 का उद्देश्य आधुनिक, आत्मनिर्भर और पर्यावरण अनुकूल शहरी भारत का निर्माण करना है। बिहार सरकार इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह