किशनगंज को मिली 681 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन-शिलान्यास
किशनगंज, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किशनगंज जिले की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इससे जिले में सड़क, बिजली, शिक्षा और पेयजल सुविधाओं के विस्तार का रास्ता मजबूत होगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण खगड़ा स्थित शहीद अशफाक उल्लाह खां स्टेडियम में किया गया।
इस दौरान जिले की लगभग 681 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को सौगात मिली। इनमें सबसे महत्वपूर्ण बायसी-बहादुरगंज-दिघलबैंक राज्य उच्च पथ संख्या-99 (SH-99) का उद्घाटन रहा। बिहार राज्य पथ परियोजना-III के तहत 602.24 करोड़ रुपये की लागत से 65.350 किलोमीटर लंबी सड़क का उन्नयन, चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया गया है। इसमें किशनगंज जिले के 33.315 किलोमीटर और पूर्णिया जिले के 32.035 किलोमीटर सड़क शामिल हैं। सड़क में दो वृहद पुल, नौ लघु पुल और 145 पुलियों का निर्माण एवं उन्नयन किया गया है। इससे बहादुरगंज, कोचाधामन, दिघलबैंक और आसपास के क्षेत्रों का आवागमन सुगम होगा। साथ ही भारत-नेपाल सीमा से जुड़े इलाकों में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। ऊर्जा विभाग की ओर से जिले में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित तीन 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का भी उद्घाटन किया गया। इनमें बहादुरगंज प्रखंड के लौचा (तेघरिया), पोठिया प्रखंड के निमलगांव (डामलबाड़ी) और किशनगंज प्रखंड के खगड़ा (महेशबथना) शामिल हैं। इनसे संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की क्षमता और गुणवत्ता बेहतर होगी।
वहीं ठाकुरगंज प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय राजागांव के उन्नत भवन का उद्घाटन किया गया। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा किशनगंज शहरी जलापूर्ति परियोजना फेज-III का 53.72 करोड़ रुपये की लागत से शिलान्यास किया गया। इसके पूरा होने पर शहर के 3,892 परिवारों को 24 घंटे पाइपलाइन से पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के 11 लाभुकों को गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबियां भी सौंपी गईं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह