किशनगंज के सांसद ने मुख्यमंत्री से मांगी 10 एकड़ जमीन और आधुनिक पुस्तकालय

 


किशनगंज, 18 जुलाई (हि.स.)। किशनगंज के सांसद डॉ मोहम्मद जावेद आजाद ने जिले के समग्र विकास और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को दो अलग-अलग पत्र भेजकर महत्वपूर्ण जनहितकारी मांगें उठाई हैं।

सांसद ने किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र में स्थायी सार्वजनिक मैदान के विकास तथा लोकसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों में आधुनिक सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने की मांग की है। मुख्यमंत्री को भेजे पहले पत्र में सांसद ने किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र में लगभग 10 एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध कराकर स्थायी सार्वजनिक मैदान विकसित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि रुईधासा स्थित कैंपिंग ग्राउंड, जिसका वर्षों तक धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षणिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं और जनसभाओं के लिए उपयोग होता रहा, अब भारतीय सेना के नियंत्रण में है।

सेना की वैधानिक आवश्यकता का सम्मान करते हुए उन्होंने कहा कि इसके बाद शहर में बड़े सार्वजनिक आयोजनों के लिए पर्याप्त खुले मैदान का अभाव हो गया है। ऐसे में नगर की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए नया सार्वजनिक मैदान विकसित किया जाना आवश्यक है। दूसरे पत्र में सांसद ने किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों के साथ पूर्णिया जिले के बायसी, डगरूआ, बैसा और अमौर में चरणबद्ध तरीके से आधुनिक सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थी, शोधार्थी और युवा गुणवत्तापूर्ण अध्ययन संसाधनों के अभाव से जूझ रहे हैं। नई शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को साकार करने के लिए प्रत्येक प्रखंड में आधुनिक पुस्तकालय की स्थापना जरूरी है। सांसद ने प्रस्तावित पुस्तकालयों में डिजिटल लाइब्रेरी, निःशुल्क वाई-फाई, कंप्यूटर सुविधा, आधुनिक अध्ययन कक्ष, दिव्यांगजनों के लिए सुगम व्यवस्था तथा हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी और स्थानीय भाषाओं की समृद्ध पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। इस संबंध में शिक्षा मंत्री को भी पत्र की प्रति भेजी गई है। डॉ. मोहम्मद जावेद ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार दोनों जनहितकारी प्रस्तावों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर किशनगंज के नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को महत्वपूर्ण सौगात देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह