किशनगंज में अमावस्या पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धा, बूढ़ी काली मंदिर में विशेष पूजा
किशनगंज, 18 मार्च (हि.स.)। जिले में बुधवार को अमावस्या के अवसर पर विभिन्न मंदिरों में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। लाइन स्थित बूढ़ी काली मंदिर में विशेष रूप से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
मंदिर के पुरोहित मलय मुखर्जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां काली की पूजा संपन्न कराई। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में आना-जाना लगा रहा। भक्तों ने मां काली के साथ मां शारदे, भगवान शिव एवं बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर पुष्पांजलि अर्पित की। पूजा को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखा गया।
मंदिर समिति के सचिव शुभजीत शेखर, मनोज मजूमदार, साधन दास एवं कल्याण बोस ने बताया कि प्रत्येक माह के दूसरे या अंतिम सप्ताह में अमावस्या पूजा का आयोजन किया जाता है, जिसे धूमधाम से मनाया जाता है।
पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया। वहीं, खगड़ा ढेकाबिंजा, रूईधासा काली तला, डुमरिया एवं रोलबाग क्षेत्र के मंदिरों में भी अमावस्या पूजा आयोजित की गई। खगड़ा में पुरोहित सन्नी झा तथा डुमरिया काली मंदिर में सुबोल चक्रवर्ती द्वारा पूजा संपन्न कराई गई। पूजा आयोजन को सफल बनाने में गौतम साह, दीपक साह सहित कई श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह