किशनगंज जिला बार एसोसिएशन चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, शिशिर दास और ख्वाजा मोजिबुर फिर बने अध्यक्ष-सचिव
किशनगंज, 26 मई (हि.स.)। जिला बार एसोसिएशन का चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। चुनाव में जिले के अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 357 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने के बाद देर शाम मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसके बाद विभिन्न पदों के परिणाम घोषित किए गए।
परिणाम सामने आते ही बार परिसर में समर्थकों और अधिवक्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखा गया। इस चुनाव में अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, सहायक संयुक्त सचिव तथा कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए मतदान कराया गया था।
अध्यक्ष पद पर निवर्तमान अध्यक्ष अधिवक्ता शिशिर कुमार दास ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करते हुए अपनी मजबूत पकड़ कायम रखी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अधिवक्ता ओम कुमार को 8 मतों से पराजित किया। शिशिर कुमार दास को कुल 182 मत प्राप्त हुए। वहीं सचिव पद के चुनाव में भी निवर्तमान सचिव अधिवक्ता ख्वाजा मोजिबुर रहमान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार जीत हासिल की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी प्रमोद कुमार सिंहा को 12 मतों से हराया। चुनाव में कुल 357 मत पड़े थे, जिनमें से 2 मत रद्द घोषित किए गए। वैध 355 मतों की गिनती में ख्वाजा मोजिबुर रहमान को 165 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रमोद कुमार सिंहा को 153 मत मिले।
मतगणना पूरी होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया और जीत की खुशी मनाई। इस दौरान बार परिसर में देर रात तक उत्साह का माहौल बना रहा। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अध्यक्ष शिशिर कुमार दास और सचिव ख्वाजा मोजिबुर रहमान ने सभी अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन की गरिमा को बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान, आपसी समन्वय और बार भवन के विकास के लिए सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह