मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना गिरफ्तार

 


किशनगंज, 12 अगस्त (हि.स.)। बहादुरगंज थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल की डिक्की का लॉक तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के मुख्य सरगना को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित पश्चिम बंगाल के पंडुआ थाना क्षेत्र के खाडाजीपाड़ा, पुरुषोत्तमपुर निवासी विकास दास है।

पुलिस ने आरोपित को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के पंडुआ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर उसे किशनगंज लाकर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, 18 जून 2026 को बहादुरगंज थाना क्षेत्र के गंजरमारी निवासी निर्मल कुमार बसाक ने पुलिस को आवेदन देकर बताया था कि वह पौआखाली स्थित अपनी सोने-चांदी की ज्वेलरी मेकिंग दुकान बंद कर बहादुरगंज लौट रहे थे। रास्ते में चिकेन हाउस के पास मोटरसाइकिल खड़ी कर चिकन खरीदने लगे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की का लॉक तोड़ दिया और उसमें रखे करीब 1.50 लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। मामले में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 379/26, दिनांक 19 जून 2026 को बीएनएस की धारा 303(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच करते हुए विकास दास को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पश्चिम बंगाल के पंडुआ (हुगली), गुस्करा (बर्द्धमान) समेत कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।बिहार और पश्चिम बंगाल में उसके अन्य आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी गए नकदी व जेवरात की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। कार्रवाई में बहादुरगंज थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई की टीम शामिल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह