पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को सौंपी गई घर की चाबी, भागलपुर में 22 हजार से अधिक आवास पूर्ण

 


भागलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के आवासों की चाबी लाभुकों को सौंपने के लिए पटना के बापू सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई कैबिनेट मंत्रियों ने दीप प्रज्वलित कर लाभार्थियों को उनके सपनों के पक्के मकान की चाबियां सौंपी।

पटना में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भागलपुर के समीक्षा भवन सभागार में सीधा प्रसारण किया गया। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे, सांसद अजय मंडल, उप विकास आयुक्त और जिला परिषद अध्यक्ष मुख्य रूप से मौजूद रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में भागलपुर के लाभुकों ने इस डिजिटल आयोजन में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान भागलपुर की डीएम अलंकृता पांडे ने जिले में योजना की प्रगति रिपोर्ट साझा की। उन्होंने बताया कि भागलपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अब तक 22,672 जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकानों का निर्माण कार्य पूरी तरह से संपन्न हो चुका है।

आवास निर्माण पूरा होने के साथ ही सभी सफल लाभार्थियों को उनके घरों की चाबियां सौंपने की प्रक्रिया तेजी से चलाई जा रही है।

डीएम ने वित्तीय प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में निर्माण कार्य को गति देने के लिए 39,262 लाभार्थियों के बैंक खातों में दूसरी किस्त की राशि सफलतापूर्वक ट्रांसफर कर दी गई है।

इसके साथ ही, अंतिम चरण का काम पूरा कर चुके 27,000 लाभार्थियों को तीसरी किस्त की राशि भी सीधे उनके डीबीटी खातों में भेज दी गई है।

उन्होंने दोहराया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक पक्का मकान उपलब्ध कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर