बच्चों के चेहरे पर खिली खुशी, विधायक ने बांटे स्कूल बैग
दरभंगा, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिले केवटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत केवटी विधायक डॉ मुरारी मोहन झा ने मंगलवार को पैगम्बरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय इंदिरा आवास में छात्र-छात्राओं के बीच स्कूल बैग का वितरण किया। नया बैग पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर विधायक डॉ. झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा और अंत्योदय की भावना को समर्पित है। उनके जन्मदिवस पर बच्चों के बीच सेवा कार्य करना समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि संसाधनों के अभाव में केवटी क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
विधायक ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए शिक्षकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा नियमित एवं बेहतर पठन-पाठन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
स्कूल बैग मिलने पर छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों ने भी विधायक के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में केवटी पूर्वी मंडल अध्यक्ष सतीश कुमार यादव, श्रवण मिश्रा, भैरव झा, विनोदानंद झा, भूषण यादव, सजीवन सदाय, आरसी, अल्ताफ सहित कई ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra