राहुल गांधी के समर्थन और छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस का बक्सर में कैंडल मार्च
बक्सर, 22 जुलाई (हि.स.)। प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी एवं विपक्षी सांसदों के साथ दिल्ली में कथित दुर्व्यवहार तथा छात्रों के मुद्दों को लेकर बुधवार को बक्सर जिला कांग्रेस अति पिछड़ा प्रकोष्ठ और जिला कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में भगत सिंह चौक से कैंडल मार्च निकाला गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विनोद कुशवाहा और किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय पांडे ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और छात्रों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लेते हुए शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है तथा छात्रों से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार गंभीर नहीं है।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता, संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है। उन्होंने छात्रों, किसानों, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों के समाधान पर सरकार का ध्यान केंद्रित करने की मांग की। प्रदेश कांग्रेस सदस्य डॉ. प्रमोद ओझा ने भी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा पर बल दिया। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान, युवा और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra