नरगाकोठी विद्यालय के भैया बहनों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निकाली कावड़ यात्रा

 


भागलपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। सैनिक स्कूल गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर के प्राथमिक खंड पूरनमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर नरगाकोठी चंपानगर भागलपुर के भैया बहनों द्वारा श्रावण मास के अवसर पर शनिवार को श्रद्धा, उत्साह, अनुशासन एवं भक्ति भाव के साथ कावड़ यात्रा निकाली गई।

कावड़ यात्रा में कक्षा अरुण से पंचक तक के 348 भैया बहनों ने विद्यालय में बनाए गए शिवगंगा से जल भरकर बाबा भूतनाथ मंदिर में भोले बाबा का जलाभिषेक किया। यात्रा का शुभारंभ विद्यालय परिसर से भगवान शिव के जय घोष हर हर महादेव एवं बोल बम के साथ हुआ। मंदिर पहुंचकर सभी भैया बहनों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया तथा अपने कल्याण के साथ-साथ समाज, राष्ट्र एवं विश्व के कल्याण के लिए प्रार्थना किया।

मौके पर प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार का धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन भैया/ बहनों में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, अनुशासन, सेवा समर्पण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करता है।

कार्यक्रम को प्रधानाचार्य आचार्यगण, अभिभावक, कर्मचारीगण ने भैया बहनों का मार्गदर्शन कर यात्रा को सफल बनाया। इस अवसर पर भागलपुर के विभाग निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, प्रभारी प्रधानाचार्य ममता जायसवाल, निभा झा, पूजा शर्मा, मनोज तिवारी, शशि भूषण मिश्र, अभिजीत आचार्य, आभाष कुमार द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्राप्त हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर