पूर्व विधायक अजीत शर्मा के सौजन्य से कांवरिया सेवा शिविर का आयोजन, बांटे फल और शीतल जल

 


भागलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। सावन के पावन महीने में सुल्तानगंज और भागलपुर के विभिन्न घाटों से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों (कांवरियों) की सेवा के लिए शहर में जगह-जगह शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को स्थानीय कचहरी चौक पर भागलपुर के पूर्व विधायक अजीत शर्मा के सौजन्य से एक भव्य कांवरिया सेवा शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में गंगा स्नान के बाद जलार्पण के लिए जा रहे कांवरियों के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा शीतल जल, ताजे फल और पेठे का वितरण किया गया। इस सेवा शिविर का नेतृत्व स्वयं पूर्व विधायक अजीत शर्मा कर रहे थे। उन्होंने खुद अपने हाथों से कांवरियों को जल और फल भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि कांवरियों की सेवा करना साक्षात ईश्वर की सेवा करने के समान है। बाबा भोलेनाथ के भक्तों को मार्ग में कोई असुविधा न हो, यही हमारा मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा, महादेव सभी कांवरियों की यात्रा सकुशल और मंगलमय पूरी करें। बाबा सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करें, यही मेरी प्रार्थना है।

इस सेवा शिविर को सफल बनाने में बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि डॉ. अभय आनंद, बिपिन बिहारी यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष सोईन अंसारी, इंटक जिलाध्यक्ष रवि कुमार, अभिषेक किशोर उर्फ राकेश, दीपक बाजोरिया, रणवीर शर्मा, आरती सिंह, ज्योति यादव, बबली किशोर सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई और कांवरियों की सेवा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर