कटिहार में 3.01 लाख पेंशनधारियों के खाते में डीबीटी से पहुंचे 34.48 करोड़ रुपये
कटिहार, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के 3 लाख 01 हजार 768 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में शनिवार को सितंबर माह की पेंशन राशि का सीधा अंतरण कर दिया गया। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से कुल 34 करोड़ 48 लाख 44 हजार 600 रुपये की राशि सीधे लाभुकों के खातों में भेजी गई। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्वाह्न 11:00 बजे राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत पेंशन राशि का अंतरण किया और वेबकास्टिंग के माध्यम से पेंशनधारियों को संबोधित किया। राशि सीधे बैंक खाते में जमा होने से जिले के वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग पेंशनधारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस अवसर पर समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में सजीव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी, जहां उत्साहपूर्वक पहुंचे करीब 25 से 30 पेंशनधारियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और राशि प्राप्ति पर हर्ष व्यक्त किया।
जिले में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत हुए भुगतान में सबसे अधिक लाभुक मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के रहे, जिसके अंतर्गत 1 लाख 58 हजार 153 पेंशनधारियों के खाते में 18 करोड़ 49 लाख 31 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए। इसी तरह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 59 हजार 687 लाभार्थियों को 6 करोड़ 57 लाख 49 हजार 500 रुपये, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 33 हजार 687 दिव्यांगजनों को 3 करोड़ 78 लाख 34 हजार 200 रुपये, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 27 हजार 213 लाभुकों को 3 करोड़ 08 लाख 63 हजार 800 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना की 21 हजार 474 लाभुकों को 2 करोड़ 37 लाख 56 हजार 700 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1 हजार 554 लाभार्थियों को 17 लाख 09 हजार 400 रुपये का भुगतान किया गया।
समाहरणालय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी, विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार तथा जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की सहायक निदेशक यशश्वी सहित कई अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी एवं स्थानीय पेंशनधारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह