अवैध खनन पर कटिहार प्रशासन की बड़ी स्ट्राइक: 410 छापेमारी में 101 वाहन जब्त, 1.52 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला
कटिहार, 24 अक्टूबर (हि.स.)। समाहरणालय में शनिवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने जिले में राजस्व वसूली की स्थिति की समीक्षा करते हुए विभिन्न कार्य विभागों द्वारा निर्माण मद में कम रॉयल्टी (स्वामित्व शुल्क) जमा कराए जाने पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वांछित राशि तत्काल खनन शीर्ष में जमा कराने और इसका प्रतिवेदन जिला खनिज विकास पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभाग स्तर से निर्धारित 5476.22 लाख रुपये के कुल राजस्व लक्ष्य के विरुद्ध 23 अक्टूबर तक 1064.38 लाख रुपये की प्राप्ति की जा चुकी है। वहीं, जिले के विभिन्न कार्य विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों के विरुद्ध 3982.21 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक मात्र 831.51 लाख रुपये ही जमा कराए गए हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का मात्र 21 प्रतिशत है। डीएम ने इस धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए इसमें तेजी लाने को कहा।
जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण पर नकेल कसने के लिए चलाए गए अभियान की जानकारी देते हुए बताया गया कि 23 अक्टूबर तक 410 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 06 प्राथमिकी दर्ज कर 101 वाहनों को जब्त किया गया है। दंड मद में विभाग द्वारा तय 353.02 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 152.02 लाख रुपये की वसूली की गई है।
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ) को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्राधीन सभी थानाध्यक्षों को खनन टीम को अपेक्षित सहयोग देने के निर्देश जारी करें। साथ ही अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ जब्त किए गए वाहनों को संबंधित थाना परिसरों में पूरी सुरक्षा के साथ रखने के निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह