कटिहार में युवा अधिवक्ता हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा: हथियार व बाइक के साथ 5 गिरफ्तार
कटिहार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। कटिहार नगर थाना क्षेत्र के हरिगंज चौक और पटेल चौक के बीच दिनदहाड़े युवा अधिवक्ता अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी की गोली व चाकू मारकर की गई हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल सभी पांच मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से हत्या में इस्तेमाल एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, चाकू और दो वाहन भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोमवार 5 अक्टूबर को हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर नगर थाना में कांड संख्या- 1182/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सदर-01 के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय आसूचना (इनपुट) के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र के रामपाड़ा इलाके में दबिश दी और वारदात में संलिप्त पांचों अभियुक्तों को 24 घंटे के भीतर दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मो० रेहान (21 वर्ष, पिता- मो० मुजम्मिल उर्फ खोखा), मो० अशफाक (23 वर्ष, पिता- मो० अमजद उर्फ खंजर), इनायत (20 वर्ष, पिता- मो० मुमताज), मो० महफूज (19 वर्ष, पिता- मो० अख्तर उर्फ मुन्ना) तथा मुन्ना उर्फ अख्तर (42 वर्ष, पिता- बिलटू) शामिल हैं। ये सभी कटिहार नगर थाना के रामपाड़ा के निवासी हैं।
पुलिस टीम ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उनके आपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है और न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रतर विधिक कार्रवाई में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह