नए श्रम कानूनों से नियोजकों व श्रमिकों दोनों के हितों की होगी रक्षा: डीएम

 


कटिहार, 30 अक्टूबर (हि.स.)। सहायक श्रमायुक्त कार्यालय परिसर में शुक्रवार को नए श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय जागरूकता-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के अध्यक्ष अशोक कुमार बादल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 29 पुराने केंद्रीय श्रम कानूनों को समाहित कर 4 नई श्रम संहिताएं लागू की गई हैं। इससे न केवल कारोबार करना सुगम (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) होगा, बल्कि नियोजकों और कामगारों दोनों के अधिकारों और हितों का संरक्षण भी सुनिश्चित होगा।

ईंट-भट्ठों में बाल श्रम न कराने की अपील, नियमों के पालन पर जोर

बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के अध्यक्ष अशोक कुमार बादल ने नियोजकों, विशेषकर ईंट-भट्ठा संचालकों से किसी भी सूरत में बाल श्रमिकों को काम पर न रखने का आह्वान किया। उन्होंने ‘बाल श्रम मुक्त कटिहार’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि बच्चों का स्थान काम पर नहीं बल्कि स्कूल में है। वहीं, जिलाधिकारी ने भी ईंट-भट्ठा संचालकों को नए श्रम कानूनों के सभी कानूनी प्रावधानों का अक्षरशः अनुपालन करने की सख्त हिदायत दी।

तकनीकी सत्र में चार नई श्रम संहिताओं की दी गई विस्तृत जानकारी

कार्यशाला के तकनीकी सत्र में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी (सदर) राजा बाबू एवं (हसनगंज) शानु कुमार झा द्वारा प्रेजेंटेशन के जरिए चारों नई संहिताओं—वेतन संहिता 2019, औद्योगिक संबंध संहिता 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता 2020 के प्रावधानों को बारीकी से समझाया गया। सत्र के दौरान न्यूनतम मजदूरी निर्धारण, समय पर पारिश्रमिक भुगतान, ईएसआई व ईपीएफ कवरेज, महिला श्रमिकों के विशेष अधिकार और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों पर विस्तृत चर्चा हुई।

श्रमिक संगठनों और व्यवसायियों ने जताई खुशी

आयोजन में सहायक श्रमायुक्त, श्रम अधीक्षक, ईएसआईसी के शाखा प्रबंधक, कटिहार मजदूर संघ के अध्यक्ष विकास सिंह, भारतीय मजदूर संघ के जिला महासचिव अर्जुन कुमार यादव सहित कपड़ा व्यवसायी संघ एवं ईंट-भट्ठा संघ के अध्यक्ष, सचिव व प्रमुख प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी संगठनों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कार्यशाला को उपयोगी बताया। कार्यक्रम का समापन श्रम अधीक्षक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह