कटिहार में दुर्गा पूजा मेला देखने गईं 5 नाबालिग लड़कियां लापता, अनहोनी की आशंका
कटिहार, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मनसाही थाना क्षेत्र से दुर्गा पूजा मेला घूमने निकलीं पांच नाबालिग लड़कियां संदिग्ध परिस्थितियों में एक साथ लापता हो गईं। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिला, तो किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए परिजनों ने मनसाही थाने में लिखित आवेदन देकर सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है।
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, मनसाही वार्ड संख्या 9 निवासी मधु देवी ने बताया कि 19 अक्टूबर की शाम करीब 6:00 बजे उनकी 13 वर्षीय पुत्री सुप्रिया कुमारी अपनी चार अन्य सहेलियों के साथ मनसाही और मरंगी दुर्गा पूजा मेला देखने के लिए घर से निकली थी। देर रात तक जब कोई भी बच्ची वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने मेला परिसर सहित सभी संभावित स्थानों व रिश्तेदारों के यहां खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल सका।
लापता बच्चियों में सुप्रिया कुमारी (13 वर्ष, पिता नीरज ठाकुर), रेशमी कुमारी (15 वर्ष, पिता सुरेश पासवान), सोहानी कुमारी (14 वर्ष, पिता अंगद पासवान) तथा दो जुड़वां बहनें शालु कुमारी (12 वर्ष) और सरगम कुमारी (12 वर्ष, दोनों के पिता जयशंकर ठाकुर) शामिल हैं। सभी बच्चियां मनसाही थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 और 9 की निवासी हैं।
एक साथ पांच नाबालिग लड़कियों के लापता होने से परिजनों में भारी दहशत का माहौल है। परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि बच्चियों के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। आवेदनकर्ता मधु देवी ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच व कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि बच्चियों के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर मोबाइल नंबर 7004971254 या नजदीकी थाने में संपर्क करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह