कटिहार में 19 व 20 नवंबर को सजेगा दो दिवसीय भव्य किसान मेला

 

कटिहार, 13 नवंबर (हि.स.)। जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में 'आत्मा' (कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण), कटिहार द्वारा दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी-2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला आगामी 19 और 20 नवंबर 2026 को मिरचाईबाड़ी स्थित संयुक्त कृषि भवन प्रांगण (टीवी टॉवर रोड) में आयोजित होगा।

जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा) राजीव कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मेले का आयोजन दोनों दिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक किया जाएगा। इस भव्य प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य जिले के किसानों को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की नवीनतम तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों, आधुनिक कृषि यंत्रों, गुणवत्तापूर्ण बीज, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, कृषि प्रसंस्करण और किसान उत्पादक संगठन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना है।

मेले के दौरान कृषि एवं संबद्ध विभागों, कृषि वैज्ञानिकों, एफपीओ, कृषक समूहों, प्रगतिशील किसानों और कृषि उद्यमियों द्वारा विभिन्न स्टॉल और प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके माध्यम से न केवल किसानों के उत्कृष्ट उत्पादों और उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा, बल्कि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को सीधे तकनीकी मार्गदर्शन और उपयोगी जानकारी भी दी जाएगी।

प्रशासन की ओर से इस दो दिवसीय आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला सूचना एवं जन-संपर्क पदाधिकारी को पत्र भेजकर मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार का अनुरोध किया गया है, ताकि जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक किसान इस मेले में शामिल होकर उन्नत खेती के गुर सीख सकें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह