मनिहारी में फास्ट फूड दुकान का गैस सिलेंडर फटा, चार बच्चों समेत पांच झुलसे

 

कटिहार, 01 नवंबर (हि.स.)। जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बलुआघट्टी (वार्ड संख्या 1) स्थित एक फास्ट फूड व नाश्ते की दुकान में रविवार सुबह एलपीजी गैस सिलेंडर में भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में दुकान पर नाश्ता कर रहे चार मासूम बच्चों समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल रेफर किया गया है, जहां दो बच्चों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह दुकान पर लोग नाश्ता कर रहे थे, तभी अचानक गैस रिसाव के चलते सिलेंडर में आग भड़क गई और देखते ही देखते तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आग की चपेट में आने से अनंत परिहार, आयुष कुमार, प्रियांशु, राम और आर्यन कुमार गंभीर रूप से झुलस गए।

धमाके की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत मनिहारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की तकनीकी जांच में जुटी है और दुकान संचालक द्वारा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह