छठ महापर्व: सुरक्षा व विधि-व्यवस्था को लेकर कटिहार प्रशासन मुस्तैद, डीएम और एसपी ने संयुक्त बैठक में दिए कड़े निर्देश

 


कटिहार, 09 नवंबर (हि.स.)। आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को एनआईसी सभागार में एक उच्चस्तरीय संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले के सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में पर्व की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की बिंदुवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी अपने निर्धारित स्थलों पर स-समय उपस्थित रहकर पूरी मुस्तैदी से दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

बैठक में छठ घाटों पर सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रमुख घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग की जाए तथा खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थलों को लाल निशान से चिह्नित कर सुरक्षा घेरा बनाया जाए। गहरे पानी में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाएगी। इसके साथ ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पर्याप्त रोशनी, शुद्ध पेयजल, सतत साफ-सफाई, अस्थायी शौचालय, चेंजिंग रूम और प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

श्रद्धालुओं के आवागमन को निर्बाध रखने के लिए नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को घाटों तक पहुंचने वाले सभी संपर्क मार्गों की मरम्मत, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने का आदेश दिया गया। संभावित भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुनियोजित यातायात और वाहन पार्किंग की व्यवस्था लागू रहेगी। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को डॉक्टरों की टीम, जरूरी दवाएं और एंबुलेंस 24 घंटे अलर्ट रखने तथा अग्निशमन विभाग को दमकल गाड़ियों सहित सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा सभी जर्जर व खुले तारों की तत्काल जांच कर उन्हें ठीक करने का निर्देश मिला है।

विधि-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के क्रम में एसपी ने सभी थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में निरंतर गश्त बढ़ाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि शांति भंग करने वाले असमाजिक तत्वों के विरुद्ध त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं, आपत्तिजनक पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों पर साइबर सेल द्वारा चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों को किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने का निर्देश भी दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह