युवाओं के जोश से बदलेगा कटिहार: 'एक सप्ताह, एक थीम' के साथ शुरू हुआ नशामुक्ति अभियान!
कटिहार, 27 अक्टूबर (हि.स.)। स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ कटिहार जिले में मंगलवार को विशेष जनजागरूकता अभियान का जोरदार आगाज हुआ। कटिहार इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में जिले के तमाम वरीय प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली। पटना में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पूरे प्रदेश को नशामुक्त बिहार के निर्माण की प्रतिज्ञा दिलाई गई, जिससे कटिहार जिला प्रशासन और युवा शक्ति सीधे जुड़ी।
जिले में जन-जन तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए 25 नवंबर तक एक सप्ताह, एक थीम की तर्ज पर चार चरणों में विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। इसके तहत प्रथम चरण में 27 से 31 अक्टूबर तक नगर की प्रतिज्ञा थीम पर शहरी क्षेत्रों में प्रचार वाहनों, नुक्कड़ नाटकों, होर्डिंग-बैनर और सेल्फी प्वाइंट के जरिए सघन जागरूकता फैलाई जा रही है। दूसरे चरण में 01 से 07 नवंबर तक गाँव का संकल्प थीम के अंतर्गत जीविका दीदियों के समूहों, ब्रह्माकुमारी संस्थान, ग्राम पंचायतों और ग्रामीण हाट-बाजारों में चौपाल व बैठकों का आयोजन होगा। वहीं, तीसरे चरण में 08 से 16 नवंबर तक पर्व और परिवार थीम के तहत लोकआस्था के महापर्व छठ के दौरान जिले के सभी प्रमुख छठ घाटों पर ऑडियो जिंगल, वीडियो प्रसारण और पोस्टरों के जरिए श्रद्धालुओं को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के अंतिम चरण में 17 से 25 नवंबर तक युवा जोश थीम पर जिले के स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता सत्र, वृत्तचित्र प्रदर्शन, नशामुक्ति शपथ के साथ-साथ निबंध, वाद-विवाद व कविता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के उपरांत जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को धरातल पर पूरी मजबूती से उतारने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सबका सम्मान-जीवन आसान की सोच के अनुरूप नशामुक्ति की अलख जिले की प्रत्येक पंचायत, टोले और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। इस कार्य में महिलाओं, जीविका दीदियों और युवाओं की सर्वाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। समारोह में मौजूद सभी लोगों ने आजीवन नशे से दूर रहने, समाज को जागरूक करने और सरकारी नियमों का पालन करने का दृढ़ संकल्प दोहराया। जिला प्रशासन ने सभी जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर एक सशक्त, स्वस्थ और नशामुक्त कटिहार के निर्माण में अपना योगदान दें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह