कटिहार में दो दिवसीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ, ड्रोन से खेती का हुआ प्रदर्शन
कटिहार, 19 नवंबर (हि.स.)। संयुक्त कृषि भवन परिसर में गुरुवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी–2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी, विधायक तारकिशोर प्रसाद, पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री निखिल चौधरी एवं जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा) राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अतिथियों ने 'स्मार्ट कृषि पुस्तिका' एवं 'मखाना सत्तू' का विमोचन किया, साथ ही मखाना से तैयार जलेबी और ठेकुआ का स्वाद चखकर स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित किया।
मेले का सबसे बड़ा आकर्षण आधुनिक कृषि ड्रोन का लाइव प्रदर्शन रहा। जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने स्वयं ड्रोन उड़ाकर किसानों को फसलों में उर्वरक व कीटनाशक छिड़काव की नई तकनीक दिखाई। उन्होंने बताया कि ड्रोन तकनीक से समय और श्रम की बचत के साथ खेती की लागत में भी कमी आती है। इसके अलावा मेला परिसर में ताजी सब्जियों और कृषि उत्पादों से बनाई गई आकर्षक 'वेजिटेबल रंगोली' ने सभी का ध्यान खींचा। अतिथियों ने कृषि विभाग, आत्मा, एफपीओ, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र और जैविक खेती से जुड़े विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर किसानों से संवाद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए डीएम आशुतोष द्विवेदी व डीडीसी डॉ. नेहा कुमारी ने किसानों को फसल विविधीकरण, प्राकृतिक खेती और कृषि यंत्रीकरण अपनाने का संदेश दिया। अतिथियों ने कहा कि मखाना को केवल कच्चे रूप में बेचने के बजाय उसकी प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग कर किसान व युवा अपनी आय कई गुना बढ़ा सकते हैं। जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती व विभागीय योजनाओं से जोड़ना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, कृषि वैज्ञानिक, बीटीएम, एटीएम, कृषि समन्वयक व किसान सलाहकार मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह