पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने कटिहार सड़क हादसे पर जताया गहरा शोक
पूर्णिया, 12 अप्रैल (हि.स.)।
कटिहार के कोढ़ा प्रखंड के निकट एनएच-31 पर बस और पिकअप वाहन के बीच हुई भीषण सड़क दुर्घटना में पूर्णिया ईस्ट ब्लॉक के सुहवा और मझुआ गांव के सात लोगों समेत अन्य स्थानों के तीन लोगों की आकस्मिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दर्दनाक हादसे पर पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत हृदयविदारक और पीड़ादायक घटना बताया।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक विजय खेमका जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचे, जहां उन्होंने इलाजरत घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी घायलों के समुचित इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विधायक ने जानकारी दी कि सरकार द्वारा प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि तथा मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गई है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।
इसके अतिरिक्त विधायक ने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देशित किया कि मृतक परिवारों को कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत 5,000 रुपये तथा पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20,000 रुपये की राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रत्येक प्रभावित परिवार को तत्काल एक-एक क्विंटल चावल एवं एक-एक क्विंटल गेहूं उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह