कटैया गौठ में दो दिवसीय भव्य कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन

 


सुपौल, 18 नवंबर (हि.स.)। गोपाल अष्टमी के अवसर पर पिपरा प्रखंड क्षेत्र के कटैया गौठ में दो दिवसीय भव्य कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

बुधवार को दोपहर दो बजे प्रतियोगिता का उद्घाटन पिपरा के पूर्व विधायक यदुवंश कुमार यादव, प्रमुख प्रतिनिधि नेहरू यादव, पूर्व मुखिया वीरेंद्र मंडल, मुखिया प्रतिनिधि नवीन कुमार मंडल एवं पैक्स अध्यक्ष बाबुल कुमार यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

प्र

तियोगिता में बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पुरुष एवं महिला पहलवानों ने अपने कुश्ती कौशल और शारीरिक दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेंच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ जुटी रही।

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में गाजीपुर के विनोद पहलवान ने काशी विश्वनाथ के बिरजेश पहलवान को पटखनी दी। दूसरे मुकाबले में मध्य प्रदेश के इटारसी निवासी रामपुकार पहलवान ने वाराणसी के अमन पहलवान को चित किया। वहीं, बाबा प्रिंस दास, पटना ने कानपुर के कल्लू पहलवान को पटखनी देकर मुकाबला अपने नाम किया।

महिला वर्ग के मुकाबलों में दिल्ली की ज्योति और गोरखपुर की शिखा के बीच तथा वाराणसी की नंदिनी और कानपुर की खुशी के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए।

आयोजन को सफल बनाने में मेला अध्यक्ष अमोल यादव, सचिव प्रदीप साह, पंकज यादव, विवेका कुमार, जनार्दन यादव, इंदल कुमार, विजय कुमार, संजय कुमार एवं रुपेश यादव सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र