किशनगंज के कस्तूरबा विद्यालय में बालिकाओं को अधिकार और सुरक्षा की दी जानकारी
किशनगंज, 14 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) अंकिता सिंह के मार्गदर्शन में सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मोधो, कोचाधामन में बालिकाओं के अधिकार, सुरक्षा, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को लेकर विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के अंतर्गत डब्लूसीडीसी किशनगंज की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके कानूनी एवं सामाजिक अधिकारों के साथ-साथ शिक्षा, आत्मनिर्भरता और भविष्य में उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और विशेषज्ञों ने छात्राओं से सीधे संवाद किया। बालिकाओं ने शिक्षा, करियर, सुरक्षा, अधिकार, आत्मनिर्भरता और भविष्य को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका सहज एवं व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया गया।
छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) अंकिता सिंह ने कहा कि बालिकाओं को केवल शिक्षा देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों के साथ भविष्य के अवसरों की जानकारी देना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जागरूक बेटी अपने अधिकारों को समझती है, गलत के खिलाफ आवाज उठाती है और अपने भविष्य से जुड़े फैसले आत्मविश्वास के साथ ले सकती है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि किसी भी समस्या या असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहें और अभिभावक, शिक्षक या संबंधित अधिकारियों से संवाद करें।
कार्यक्रम में डब्लूसीडीसी के जिला मिशन समन्वयक मो. शहबाज आलम, सुशील कुमार झा, झुमी कुमारी सिन्हा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और वार्डन मौजूद रहे। छात्राओं ने कहा कि संवाद कार्यक्रम से उन्हें अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिली। विद्यालय के शिक्षकों और वार्डन ने भी कार्यक्रम को बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाने में उपयोगी बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह