विक्रमशिला सेतु संकट के बीच राहत, गंगा में शुरू हुई कार्गो जहाज सेवा
भागलपुर, 21 मई (हि.स.)। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद जहां एक ओर आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई थीं, वहीं दूसरी ओर भारी मालवाहक गाड़ियों को लंबी दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा था। लेकिन अब जिला प्रशासन ने इस संकट के बीच राहत की नई राह खोल दी है। गंगा नदी में बड़े कार्गो जहाजों का परिचालन शुरू कर दिया गया है, जिससे लोगों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन द्वारा कोलकाता से दो विशाल कार्गो जहाज मंगाए गए हैं। इनमें से एक जहाज पर लगभग 25 ट्रकों को एक साथ लादा जा सकेगा, जबकि दूसरे जहाज पर 08 से 10 ट्रक की क्षमता होगी। इससे भारी वाहनों को अब लंबा चक्कर लगाकर दूसरे रास्तों से नहीं जाना पड़ेगा। समय की बचत के साथ परिवहन लागत भी कम होगी इस नई सेवा का उद्घाटन गुरुवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कार्गो जहाजों पर सिर्फ मालवाहक वाहन ही नहीं, बल्कि छोटे चार पहिया वाहन और आम यात्री भी सफर कर सकेंगे।
प्रशासन ने सभी श्रेणी के वाहनों और यात्रियों के लिए किराया भी निर्धारित कर दिया है। यात्रियों के लिए 25 रुपये से शुरुआत होने वाला किराया बड़े मालवाहक वाहनों के लिए 5000 रुपये तक तय किया गया है। वहीं एम्बुलेंस सेवा को पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, ताकि आपातकालीन सेवाओं पर कोई असर न पड़े। घाट पर सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा मेडिकल कैंप और सुरक्षा बलों को भी घाट पर लगाया गया है, ताकि यात्रियों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विक्रमशिला सेतु बंद होने से जहां लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही थी, वहीं अब गंगा में शुरू हुई यह जहाज सेवा भागलपुर और नवगछिया के बीच नई उम्मीद बनकर उभरी है। प्रशासन को उम्मीद है कि इससे व्यापार, यातायात और आम जनजीवन को काफी राहत मिलेगी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर