कराटे में सुपौल के खिलाड़ियों का जलवा, 47 पदकों पर जमाया कब्जा
सुपौल, 31 अगस्त (हि.स.)। कराटे के क्षेत्र में सुपौल के होनहार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, सुपौल एवं ड्रैगन कराटे अकादमी के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिचय देते हुए कुल 47 पदक हासिल किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन अब राज्य स्तरीय चैम्पियनशिप के लिए किया गया है। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 11 स्वर्ण, 7 रजत और 5 कांस्य सहित कुल 23 पदक अपने नाम किए। विद्यालय की ओर से स्वर्ण पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों में हर्षित कुमार झा, रितिक राज, अन्विता मिश्रा, देवांशी दिव्या, स्वर्णिम श्रीजन, देवन, यश आनंद, मो. अनस, समर, यशस्वी मिश्रा एवं धनिश्का चौधरी शामिल हैं।
ड्रैगन कराटे अकादमी के खिलाड़ियों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। अकादमी के खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण, 10 रजत और 5 कांस्य सहित कुल 24 पदक हासिल किए। स्वर्ण पदक विजेताओं में कृष्ण राज, अक्षत सिंह, श्रेया मिश्रा, लक्ष्या कुमार, रिशा दास, सौर्य, स्नेहा कुमारी, गोविंद कुमार एवं अंश कुमार शामिल रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के सम्मान में 30 अगस्त को सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, सुपौल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। सम्मान मिलने के बाद खिलाड़ियों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सर्वेश कुमार तिवारी एवं एडमिनिस्ट्रेटर विश्वासचंद्र मिश्रा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों को केवल प्रतिस्पर्धा और पदक हासिल करने का अवसर ही नहीं देता, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करता है। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि विद्यालय के साथ-साथ पूरे सुपौल जिले के लिए गौरव की बात है।
खिलाड़ियों की इस सफलता में प्रशिक्षकों एवं कराटे विशेषज्ञों के मार्गदर्शन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। साइको शिहान शिव के. पंचाल , चीफ इंस्ट्रक्टर, सेंसेई अनिल कुमार, जनरल सेक्रेटरी, डिस्ट्रिक्ट कराटे एसोसिएशन ऑफ सुपौल एवं मेंबर, ISKF शोटोकान इंटरनेशनल ब्लैक बेल्ट तथा सेंसेई दिलीप कुमार यादव, डिस्ट्रिक्ट कराटे एसोसिएशन ऑफ सुपौल के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारी की।
प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना के लिए भी प्रेरित किया। उनके निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग का परिणाम खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के रूप में सामने आया। सुपौल के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खेल प्रतिभाओं को लेकर उत्साह बढ़ा है। 47 पदकों की इस सफलता के बाद राज्य स्तरीय चैम्पियनशिप के लिए चयनित खिलाड़ी अब अगले स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने के लिए तैयार है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र