अमावस्या पर बूढ़ी काली मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा, भक्तों की उमड़ी भीड़

 


किशनगंज, 17 अप्रैल (हि.स.)। शहर के लाइन स्थित बूढ़ी काली मंदिर सहित जिले के विभिन्न मंदिरों में शुक्रवार को अमावस्या के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।

इस दौरान श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ मंदिरों में उमड़ी और भक्तों ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मां काली की पूजा की। लाइन स्थित बूढ़ी काली मंदिर में मंदिर के पुरोहित मलय मुखर्जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में आना शुरू हो गया था। भक्तों ने मां काली के साथ मां शारदे, भगवान शिव और बजरंगबली की पूजा कर पुष्पांजलि अर्पित की।

मंदिर कमिटी के सचिव शुभजीत शेखर, मनोज मजूमदार, साधन दास और कल्याण बोस ने बताया कि प्रत्येक माह के दूसरे या अंतिम सप्ताह में अमावस्या पूजा का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि अमावस्या पूजा धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न कराई जाती है। पूजा के बाद भक्तों के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया।

पूजा में निखिल पाल, कल्याण बोस सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। इसके अलावा खगड़ा ढेकाबिंजा, रूईधासा काली तला, डुमरिया और रोलबाग स्थित मंदिरों में भी अमावस्या के अवसर पर पूजा-अर्चना की गई।

खगड़ा में पुरोहित सन्नी झा द्वारा विधिवत पूजा संपन्न कराई गई, जहां गौतम साह, दीपक साह सहित अन्य श्रद्धालु पूजा को सफल बनाने में जुटे रहे। वहीं डुमरिया काली मंदिर में पुरोहित सुबोल चक्रवर्ती द्वारा माता काली की पूजा-अर्चना की गई। विभिन्न मंदिरों में आयोजित अमावस्या पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह