शतचंडी महायज्ञ को लेकर निकाली गई कलश शोभायात्रा
भागलपुर, 18 मार्च (हि.स.)। जिले के नाथनगर स्थित बाबा मनसकामना नाथ मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले श्री श्री 1008 शतचंडी महायज्ञ को लेकर बुधवार को भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। कलश यात्रा मंदिर प्रांगण से निकलकर विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर पहुंची। श्रद्धालु जयकारों और भक्ति गीतों के साथ पूरे उत्साह में नजर आए। मंदिर समिति के अनुसार गुरुवार से विधिवत यज्ञ का शुभारंभ होगा।
चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश और अरणी मंथन के साथ यज्ञ प्रारंभ किया जाएगा। अभिजीत मुहूर्त में कलश स्थापना भी की जाएगी। इस दिन मां शैलपुत्री का विशेष दर्शन-पूजन किया जाएगा। यज्ञाचार्य माना शुक्ला के निर्देशन में यज्ञ संपन्न होगा, जबकि यजमान के रूप में शंकर राज पटेल उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में मंदिर समिति और शांति समिति के कई सदस्य सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 12 बजे तक तथा दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक यज्ञ किया जाएगा। इसके बाद शाम 6:30 बजे मां भगवती की आरती और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित होगा।
आयोजन समिति के सचिव रबिन्द्र प्रसाद भगत, अभय साह, अनिल शाह, पप्पू दलानिया, राजेन्द्र लाल, ओम प्रकाश मोदी, भबेश यादव, देवाशीष बनर्जी, सुनील बुधिया, बबलू पंडित, समाजसेवी विजय यादव, मुन्ना यादव, पूजा समिति अध्यक्ष पप्पू यादव, लखन खटीक, प्रमोद सिन्हा, आशीष साह, प्रकाश लाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर