काला-जार पर वार: घर-घर होगी मरीजों की तलाश, लंबे बुखार वालों की होगी जांच
किशनगंज, 22 सितंबर (हि.स.)। जिले में काला-जार उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रोगी खोज अभियान शुरू किया है। 21 से 30 सितंबर तक चलने वाले अभियान के तहत स्वास्थ्यकर्मी घर-घर पहुंचकर संभावित मरीजों की पहचान करेंगे।
खासकर 15 दिन या उससे अधिक समय से बुखार से पीड़ित लोगों की स्क्रीनिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान के तहत मंगलवार को समदा गांव में आशा कार्यकर्ता खालिदा बेगम ने घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग की। इस दौरान भीबीडीएस मोइन जी एवं पिरामल फाउंडेशन के विश्वजीत कुमार मौजूद रहे।
संदिग्ध मरीज मिलने पर आवश्यक जांच कराकर आगे के उपचार के लिए किशनगंज भेजा जाएगा। ऐसे मरीजों की आरके-39 किट से जांच कराई जाएगी, जिनका लंबे समय से बुखार बना हुआ है और मलेरिया की दवा अथवा एंटीबायोटिक लेने के बाद भी सुधार नहीं हुआ है।
जिले के 24 प्रभावित गांवों की 24,041 आबादी और 4,592 घरों को अभियान के दायरे में रखा गया है। रोगी खोज के लिए 24 आशा कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है, जबकि 18 आशा फैसिलिटेटर अभियान की निगरानी करेंगी। प्रत्येक आशा कार्यकर्ता प्रतिदिन कम से कम 50 घरों में स्क्रीनिंग करेगी।
भीबीडीसीओ डॉ. मंजर आलम ने लोगों से लंबे समय तक रहने वाले बुखार को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की। सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि समय पर जांच और उपचार से बीमारी पर नियंत्रण संभव है। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने अभियान में लोगों से स्वास्थ्यकर्मियों को सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि लंबे बुखार में इंतजार नहीं, जांच जरूरी है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह