कहानी बदलाव की’ के जरिए जन-जन तक पहुंचाएं मोदी सरकार के विकास की गाथा : संजय सरावगी

 




पटना, 07 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, बिहार प्रदेश द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाए जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर सोमवार को प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में कहानी बदलाव की कार्यक्रम के जिला संयोजकों, सह-संयोजकों तथा सोशल मीडिया एवं आईटी टीम की प्रांत स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, प्रदेश सह-प्रभारी दीपक प्रकाश, संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया, बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, राजेश वर्मा, कहानी बदलाव की के प्रदेश संयोजक मनीष पांडे, सोशल मीडिया संयोजक अनमोल शोभित सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनका नेतृत्व का सफर लगातार 25 वर्षों का होने जा रहा है। मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक का यह सफर बिना किसी रुकावट के निरंतर आगे बढ़ा है और इस दौरान देश ने विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण परिवर्तन देखे हैं।

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं से बिहार के लोगों के जीवन में भी व्यापक बदलाव आया है। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास, महिलाओं को उज्ज्वला योजना के माध्यम से धुएं से मुक्ति, जनधन खातों के माध्यम से बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना, आयुष्मान भारत के जरिए स्वास्थ्य सुरक्षा, किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा हर घर तक नल का जल पहुंचाने जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन को आसान बनाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि ‘कहानी बदलाव की’ अभियान का उद्देश्य इन योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों की जुबानी बदलाव की कहानी को समाज के सामने लाना है। भाजपा कार्यकर्ता पंचायत स्तर तक जाकर लाभार्थियों से संवाद करें और उनके जीवन में आए बदलाव को वीडियो के माध्यम से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर साझा करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण उन लोगों का बदला हुआ जीवन है, जिन्हें इनका सीधा लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश में 13 प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनकल्याण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं ने अभाव में जीवन जीने वाले लोगों के जीवन को नई दिशा दी है। कार्यकर्ता लाभार्थियों के अनुभवों को वीडियो के माध्यम से साझा करें, ताकि समाज के सामने बदलाव की वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत हो सके। इससे समाज को योजनाओं को समझने का मौका मिलेगा।

बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, लाभार्थियों से संपर्क तथा सोशल मीडिया एवं आईटी के माध्यम से कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन शिवनारायण उपाध्याय ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त